किश्तवाड़। समाज में युवाओं में नशाखोरी के बारे में जागरूकता लाने के लिए जिला पुलिस ने शुक्रवार को नटरंग थिएटर के माध्यम से एक नाटक का आयोजन किया। डीसी कार्यालय परिसर में हुए इस कार्यक्रम में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत हुसैन बट ने स्पष्ट किया कि नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से जिले में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध किया। कहा कि इस खतरे को समाप्त करने के लिए घरेलू स्तर से जागरूकता और रोकथाम की आवश्यक है, जिसमें माता-पिता और अभिभावकों की मुख्य भूमिका है।
इस दौरान कलाकारों के प्रदर्शन को देख लोग मंत्रमुग्ध नजर आए। नाटक में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। इसके जरिए कलाकारों ने नशा और शराब की लत को दर्शाया। इसे कॉलेज के छात्रों के सामने प्रस्तुत किया गया, जो नशीली दवाओं के प्रभाव को महसूस करने और प्राथमिकता देने की पर्याप्त क्षमता रखते हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा थे।
उन्होंने युवाओं से नशे के खतरे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना की, और कहा कि समाज से इस बुराई को मिटाने के लिए कलाकारों का दिया संदेश हर नुक्कड़ पर भेजा जाना चाहिए। इस अवसर पर डीडीसी मढ़वा शेख जफरुल्ला, एडीडीसी शाम लाल, अतिरिक्त एसपी राजिंद्र सिंह, एसीआर अख्तर हुसैन, आदि उपस्थित थे।