किश्तवाड़। रविवार को एएसपी राजिंदर सिंह ने क्षेत्र के सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए जिले के ज्वालापुर और देवीगोल क्षेत्र का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कम्युनिटी पार्टनरशिप ग्रुप (पीसीपीजी) की बैठक की।
एएसपी ने बैठक के दौरान लोगों से नशीली दवाएं, शराब और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने से बचने का आग्रह किया। संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा। साथ ही बैठक में उठाए गए मुद्दों की सुनवाई करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस से संबंधित मुद्दों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति, सरपंच, पंच वरिष्ठ नागरिक और युवा शामिल रहे। इंचार्ज पुलिस पोस्ट द्राबशाला इंस्पेक्टर नसीर अहमद, इंचार्ज एसओजी इंस्पेक्टर दिलराज सिंह और इंचार्ज पुलिस पोस्ट ज्वालापुर एसआई मोईन खान भी बैठक में शामिल रहे।