उधमपुर। अखिल जम्मू कश्मीर कोली-सिप्पी समाज ने अपना वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। उधमपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणवीर सिंह पठानिया, पूर्व विधायक जीवन लाल और कोली सिप्पी समाज के अध्यक्ष हेम राज मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
पठानिया और जीवन लाल ने समुदाय के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए संयुक्त रूप से कोलियों के लिए शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण का लाभ देने की अपील की। पठानिया ने कहा कि यह निराशाजनक है कि गद्दी और सिप्पी को एसटी का दर्जा प्राप्त है। जबकि, कोली समुदाय को अब तक इससे वंचित रखा गया है। इसको देखते हुए शैक्षिक और सामाजिक रूप से पिछड़ा वर्ग आयोग के समक्ष जम्मू और कश्मीर की सीटों पर कोली समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का मामला पेश किया गया है। इस संबंध में एक सकारात्मक आश्वासन भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ-साथ प्रदेश के उपराज्यपाल के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाया है। वहीं, जीवन लाल ने इस संबंध में केंद्र की ओर से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में सकारात्मक और शीघ्र प्रतिक्रिया की उम्मीद है। सभा अध्यक्ष हेम राज ने उनके हक की आवाज को उठाने के लिए भाजपा के नेतृत्व की प्रशंसा की। बैठक में कवि राज, बद्री नाथ, गणेश दत्त, लाली राम, तारा चंद, सरपंच पवन कुमार, रतन लाल, जसवंत सिंह और अन्य मुख्य रूप से शामिल रहे।