उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी-मोंगरी के डीडीसी सदस्य जसवीर सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले से मुलाकात कर प्रदेश से संबंधित जनहित के मुद्दों को उठाया है। वहीं, विशेषतौर पर गरीब लड़कियों के विवाह में दी जाने वाली सरकारी सहायता से संबंधित योजना के परिपालन में आ रही चुनौतियों के संबंध में ज्ञापन सौंपा है।
जसवीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत अभी भी केवल उन्हीं को लाभ मिल रहा है, जिन्हें 2011 की जनगणना के तहत चिह्नित किया गया था। बाद में जो सर्वे हुए उन्हें प्रयोग में ही नहीं लाया गया, जिस कारण हजारों परिवार इस योजना के लाभ से वंचित हैं। प्रदेश में इस योजना में समय के अनुसार बदलाव ला कर नए सर्वे के तहत हर उस परिवार को इस योजना के तहत पंजीकृत किया जाए जिन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्था के सदस्य लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं और अब जब केंद्रीय मंत्री लगातार जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं तो इस संबंध में पंचायती राज संस्था के सदस्य अपने-अपने स्तर पर इसको विभिन्न मंचों पर उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन सुनिश्चित करने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति को समय पर पहुंचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।