उधमपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जिला सूचना केंद्र की ओर से नगर के नए बस अड्डे पर कोविड 19 विषय पर एक हस्ताक्षर अभियान चलाया है। इसमें जिला सूचना अधिकारी अतीक्षा सेठी की देखरेख में लोगों को मास्क पहनने, साबुन से नियमित रूप से हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सरकारी दिशानिर्दशों का पालन करने की भी सलाह दी।
डीआईओ अतीक्षा सेठी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव प्रगतिशील भारत के 75वें वर्ष को मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। उन्होंने भारत के गौरवशाली इतिहास, उसके लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के बारे में बताया। साथ ही लोगों को कोरोना एसओपी का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की जागरूकता के लिए इस तरह के अभियान आगे भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर आम जनता के बीच मास्क, पैम्फलेट आदि का भी वितरण किया गया। हस्ताक्षर अभियान में हर तबके के लोगों ने हिस्सा लिया और इसमें गहरी दिलचस्पी दिखाई।