कटड़ा। धर्मनगरी में चाइल्ड लाइन संस्था ने जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन सर्विस के सहयोग से पर्यटन विभाग के कार्यालय परिसर में संयोग हेल्प डेक्स का कार्यालय खोला है। बुधवार को इसका शुभारंभ एसडीएम अभिषेक शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि आधार शिविर कटड़ा में मां वैष्णो के दर्शन के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन मुख्य बस अड्डे सहित अन्य स्थानों पर भिखारियों की बढ़ती संख्या से अच्छा संदेश नहीं जा रहा है।
हालांकि भिक्षावृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जाती है। लेकिन अब प्रशासन के साथ ही पुलिस ने भिक्षावृत्ति पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाया है। इसके तहत जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन सर्विसेज के सहयोग से चाइल्डलाइन संस्था आगे आई है। इसी के तहत कार्यालय खोला गया है, जो 24 घंटे सातों दिन काम करेगा। इसके तहत भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों के उत्थान के लिए भी कार्य किया जाएगा। चाइल्ड लाइन संस्था के सदस्य सौरभ संमोत्रा ने बताया कि भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन सर्विस के साथ ही स्थानीय पुलिस व प्रशासन का सहयोग निरंतर जारी रहेगा। इस मौके पर तहसीलदार अनिल चाढ़क, जिला सोशल वेलफेयर सर्विसेज के जिलाधिकारी डॉ. गुलशन कुमार, जिला चाइल्ड प्रोटक्शन सर्विसेज की विदुषी गुप्ता, शौकत अली, अंकुश शर्मा, प्रिया देवी, ज्योति देवी आदि मौजूद रहे।