उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर रैंबल इलाके में सोमवार को दोपहर के समय टायर फटने से मेटाडोर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सात यात्री घायल हो गए। दो लोगों को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से बाद में एक को जीएमसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार दोपहर करीब एक बजे टिकरी से उधमपुर की तरफ आ रही मेटाडोर नंबर जेके02यू-2895 जब रैंबल इलाके में काली माता मंदिर के पास पहुंची, तो अचानक मेटाडोर का टायर फट गया, जिससे वह पलट गई। हादसे में करीब सात यात्री घायल हो गए। पांच यात्रियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया का वाहन मौके से गुजर रहा था। उन्होंने दोनों घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल पहुंचे घायलों की पहचान होशियार सिंह पुत्र चैन सिंह निवासी समोल उधमपुर और सूरम चंद पुत्र इशर दास निवासी कावा नियर रेलवे स्टेशन उधमपुर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर सूरम चंद को जीएमसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।