उधमपुर। जम्मू संभाग की दूसरी सबसे बड़ी थोक फल-सब्जी मंडी के विकास के लिए करीब 58 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत मंडी में कई काम किए जाएंगे, जिससे व्यापारियों की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
दस साल पहले थोक फल-सब्जी मंडी को बाजार से कल्लर इलाके में स्थानांतरित किया गया था। नई सब्जी मंडी का निर्माण 26 कनाल जमीन पर हुआ है। खुले में सब्जी बेचने के लिए शेड भी बनाए गए हैं, लेकिन रख रखाव के अभाव में मौजूदा समय में इसकी हालत खराब हो चुकी है। तारकोल लगातार निकल रही है। शौचालय और लाइटिंग सिस्टम भी खराब हो चुका है। तड़के जब व्यापारी मंडी में पहुंचते हैं तो सामान लोड व अनलोड करने में बहुत ज्यादा दिक्कत होती है, लेकिन अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
मंडी के विकास के लिए 58 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। पूरी मंडी में तारकोल बिछाई जाएगी, जिससे व्यापारियों के लिए बारिश में भी काम करना आसान हो जाएगा। मुख्य गेट को भी नए सिरे से तैयार किया जाएगा। साथ नया लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। हार्टिकल्चर डिवीजन ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधमपुर की थोक सब्जी मंडी जम्मू संभाग में दूसरी सबसे बड़ी मंडी है। इसके विकास के लिए राशि जारी की जा चुकी है। उम्मीद है कि जल्द काम शुरू हो जाएगा, जिससे व्यापारियों को राहत मिलेगी। मंडी में कई और विकास भी शुरू होने की संभावना है।
- अश्वनी शर्मा, एरिया मार्केटिंग अफसर, उधमपुर