जम्मू कश्मीर कैजुअल लेबर, नीड बेसिस, आईटीआई प्रशिक्षित दिहाड़ीदारों ने पीएचई कार्यालय के बाहर जोेरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर ही 24 घंटे के लिए धरना दिया और कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती हैं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डेलीवेजरों ने कहा कि छह अक्तूबर से उनका लगातार प्रदर्शन चल रहा है।
सैकड़ों कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। नियमित करने की मांग को लेकर सभी संगठन एक जुट हैं। हजारों दिहाड़ीदार कर्मचारी नियमित नहीं होने के कारण ओवर एज हो गए हैं। सरकार पूरी तरह से उनकी मांग को पूरा करने में विफल रही है। कर्मचारी गरीब हैं और इसी आस में काम कर रहे हैं कि उनकी नौकरी भी पक्की होगी।
कई वर्षों से सरकार झूठे वादे कर रही है। कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई हैं। पिछले कई दिनों से रोजाना जम्मू में चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन चल रहा है। उन्होंने मांग की है कि सभी दिहाड़ीदारों को नियमित करने की एक नीति बनाई जाए।
पिछले पंद्रह साल से दिहाड़ीदार काम कर रहे हैं और नियमित करने की मांग उनकी काफी पुरानी है। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान लंगर व्यवस्था भी की, जो 24 घंटे तक चल रहे प्रदर्शन तक जारी रहेगी। इस मौके पर अजय, बलवान सिंह, संजय कुमार ने मांग की है कि 1994 के बाद से भर्ती हुए सभी कर्मचारी नियमित किए जाएं।