उधमपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग की तरफ से पहली बार जिले के 14 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को हौसला बढ़ाने के लिए पहली बार इस तरह का प्रयास किया है। बारी बारी से शिक्षकों को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीईओ उधमपुर मुख्य मेहमान थे। ब्वॉजय व गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र व छात्राओं की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
दोपहर करीब दो बजे प्रिंसिपल सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत में देश के दूसरे राष्ट्रपति डा. एस राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बारी बारी से सभी ने उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद छात्र व छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इन कार्यक्रमों के जरिए बताया कि शिक्षक एक गुरु के रूप में विद्यार्थी के भविष्य को संवारने का काम करता है। जीवन को किस दिशा में ले जाना है, इसके बारे में शिक्षक ही बताता है। इसके बाद बारी बारी से शिक्षकों को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। सीईओ ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन भी शिक्षकों के लिए बहुत खास दिन है। जिन शिक्षकों को आज सम्मानित किया गया है, इन्होंने दिन रात मेहनत कर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए काम किया है। करीब डेढ़ वर्ष हम सभी कोरोना संकट के बीच शिक्षा प्रदान कर रहे हैं और इन शिक्षकों ने कोरोना के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रभावित नहीं होने दिया है।
इन शिक्षकों को किया सम्मानित
ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर के लेक्चरर अभिनव गुप्ता, हाई स्कूल सुंडला के होशियार सिंह, मिडिल स्कूल बाड़यां की सगुना खजूरिया, मिडिल स्कूल संडु के सुदर्शन सिंह, हायर सेकेंडरी स्कूल सुद्धमहादेव के संजीव शर्मा, हाई स्कूल पंचौड़ के पुरुशोत्तम कुमार, मिडिल स्कूल घोरड़ी के विशाल शर्मा, प्राइमरी स्कूल जुलाड़ के अमर देव सिंह, हाई स्कूल जोफड़ के रवि कुमार, मिडिल स्कूल तजूर के रोमेश सिंह, प्राइमरी स्कूल बलदा अवतार सिंह, सरकारी मिडिल स्कूल धरारन कुलदीप कुमार, मिडिल स्कूल लेहनू के रोहित मगोत्रा और मिडिल स्कूल पड़ानु के राज कुमार शामिल हैं।