श्रीनगर। शहर के ईदगाह इलाके में बुधवार को सीआरपीएफ के एक बंकर पर आतंकियों के ग्रेनेड हमले में एक पुलिसकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एसएसएचएस में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, बुधवार शाम करीब 6.40 बजे आतंकियों ने श्रीनगर के अली मस्जिद ईदगाह इलाके में स्थित सीआरपीएफ की 161 वीं बटालियन के बंकर पर ग्रेनेड फेंका, जो सड़क किनारे फट गया। हमले में श्रीनगर निवासी एजाज अहमद भट नाम का एक नागरिक और नरवारा ईदगाह निवासी एक पुलिस कांस्टेबल सज्जाद अहमद विस्फोट में घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल फिलहाल छुट्टी पर है।