श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल डा. कर्ण सिंह ने सरकार से डल झील की सफ ाई कराने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह कश्मीर का गौरव है और धीरे-धीरे इसकी स्थिति खराब हो रही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि हर साल जब वह श्रीनगर आते हैं तो देखते हैं कि एक समय खूबसूरत रही डल झील का आकार कम होता जा रहा है। मैं इस बार दो साल बाद यहां आया हूं और अब तो बुलवर्ड के पास के इलाके में भी धीरे-धीरे जलीय पादप बढ़ते जा रहे हैं। यह दुखद है क्योंकि डल झील कश्मीर की शान रही है और सुंदर झील से इसके बिगड़ते स्वरूप को देखना दुखद है। उन्होंने कहा कि दशक भर से अधिक समय में डल की सफाई के कई प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं और इस पर भारी भरकम रकम खर्च की गई। इसके बाद भी स्थिति बद से बदतर होती गई। अब डल के पुराने गौरव को फिर से प्राप्त करने के लिए प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर डल की सफाई का सरकार से आग्रह किया।