दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के मट्टन पुलिस थाने का नाम बदला गया है। अब इस पुलिस थाने को बलिदानी डीएसपी हुमायूं मुजम्मिल मॉडल पुलिस स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। सोमवार को डीजीपी दिलबाग सिंह ने इस मॉडल थाने का उद्घाटन किया। इस दौरान डीएसपी हुमायूं के पिता सेवानिवृत्त आईजीपी गुलाम हसन भट्ट व अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
डीएसपी हुमायूं मुजम्मिल ने बीते महीने कोकरनाग में आतंकी मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त किया था। डीजीपी ने कहा कि पुलिस हुमायूं मुजम्मिल के सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगी। देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर हुमायूं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा, 'डीएसपी हुमायूं ने कभी भी अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ा। मुझे आज भी वह दिन याद है जब मुठभेड़ चल रही थी, मैं मौके पर था। हमें पता था कि सेना के कुछ अधिकारियों के साथ हमारा सहयोगी भी घायल है। हमारे सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद हम समय पर उन्हें निकाल नहीं सके। घायल अवस्था में अंतिम सांस लेने से पहले उन्होंने अपने पिता और पत्नी से बात भी की थी। हमें उम्मीद थी कि अगर उन्हें समय पर निकाल लेते तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी, लेकिन कभी-कभी जमीनी स्थिति ऐसी होती है कि हम जो चाहते हैं वह संभव नहीं हो पाता है।'
13 सितंबर को अनंतनाग के कोकरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मियों ने वीरगति को प्राप्त किया ता। छह दिनों से अधिक समय तक चले ऑपरेशन में सेना के दो अधिकारी भी बलिदान हुए। वहीं, दो आतंकवादियों को ढेर किया गया था।