सुरक्षाबल नौगाम में मुठभेड़ के दौरान
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षाबलों ने बुधवार को लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े तीन स्थानीय आतंकियों को श्रीनगर के बाहरी इलाके नौगाम में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। तीनों दहशतगर्द 9 मार्च को खोनमुह में हुई सरपंच समीर अहमद भट की हत्या के साथ अन्य आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। मुठभेड़ स्थल के करीब स्थानीय युवाओं ने सुरक्षाबलों पर पथराव भी किया, लेकिन सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोलों का प्रयोग कर स्थिति को काबू कर लिया।
आतंकियों के पास से एक एके राइफल, 3 मैगजीन, 14 कारतूस, 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 6 पिस्टल कारतूस व अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। वहीं, रेलवे ट्रैक मुठभेड़ स्थल के पास होने के चलते कानून व्यवस्था के मद्देनजर रेल प्रबंधन ने बारामुला-बनिहाल रेल लिंक पर रेल सेवाएं स्थगित रखीं।
बुधवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस को नौगाम इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने तलाशी दल पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी मारे गए। आतंकियों की पहचान आदिल नबी तेली निवासी गलचीबल चंदहारा पांपोर, शाकिर अहमद तांत्रे निवासी रोनीपोरा शोपियां और यासिर अहमद वागे निवासी कुजर फ्रिसल कुलगाम के रूप में हुई है।
सुरक्षाबलों पर हमले की बना रहे थे योजना
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकवादी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षाबलों पर हमले की योजना बना रहे थे। तीनों दहशतगर्द सरपंच समीर भट की हत्या के साथ ही पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों पर हमले और नागरिक अत्याचारों सहित कई आतंकी अपराध के मामलों में शामिल थे। मारे गए आतंकी लश्कर-ए-ताइबा (टीआरएफ) से जुड़े थे और वर्ष 2021 से सक्रिय थे।