श्रीनगर के निशात इलाके के मोहम्मद उमर ने कहा कि खुशी होती है कि हमारे बनाए दीये हिंदू भाई अपने त्योहार में इस्तेमाल करते हैं। दीवाली के लिए दीये बनाने से दिल को सुकून मिलता है।
दीपों का त्योहार दीवाली करीब है। इन दिनों श्रीनगर के निशात इलाके के मोहम्मद उमर (27) दीये बनाने भी व्यस्त हैं। परिवार के लोग भी दीयों पर रंग सजाने में मदद कर रहे हैं। उमर का कहना है कि इस बार वह 20 हजार मिट्टी के दीये बनाएंगे।
विज्ञापन
उमर ने बताया कि वो कॉमर्स ग्रेजुएट हैं। नौकरी न मिलने पर 6 साल अधिक समय से पैतृक काम को ही पेशा बना लिया। 2021 में करीब 1200 दीये बनाए थे। 2022 में पहला बड़ा 20,000 दीये बनाने का ऑर्डर आया था। करीब 15 हजार ही दीये बना सके थे। इस बार दीवाली के लिए 20 हजार से अधिक दीये बनाएंगे।
उमर का कहना है कि जम्मू के होलसेलर ने 5000 दीयों का ऑर्डर भी दिया है। दीयों की श्रीनगर के अलावा जम्मू और आसपास के इलाकों में मांग है। खुशी होती है कि हमारे बनाए दीये हिंदू भाई अपने त्योहार में इस्तेमाल करते हैं। दीवाली के लिए दीये बनाने से दिल को सुकून मिलता है। गौरतलब है कि उमर का परिवार 40 वर्षों से मिट्टी के बर्तन बनाता आ रहा है।