महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में डल झील पर लगी भीषण आग से क्षतिग्रस्त कई हाउसबोटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात की और हादसे के प्रति दुख प्रकट किया।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में डल झील पर लगी भीषण आग से क्षतिग्रस्त कई हाउसबोटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात की और हादसे के प्रति दुख प्रकट किया। महबूबा मुफ्ती ने इसे लेकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से प्रभावित हाउसबोट मालिकों को आसान ऋण और अन्य आवश्यक चीजें प्रदान करने की मांग की।
विज्ञापन
एक्स पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी सुप्रीमो ने उम्मीद जताई कि भविष्य में फायर स्टेशन ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद करेंगे।
शनिवार को श्रीनगर जिले में डल झील पर एक हाउसबोट में आग लग गई। फिर उसने अपने आसपास के चार अन्य हाउसबोट और पांच हट को चपेट में ले लिया। इससे तीन पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिन्दया कौशाल, दास गुप्ता और मोहम्मद मोइनुद के रूप में हुई है, जो हाउसबोट सफीना में रुके हुए थे। तीनों बंगला देश के रहने वाले थे।