श्रीनगर। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उनकी पार्टी की युवा शाखा के नेता वहीद पारा सहित कई लोग कथित झूठे आरोपों में जेल में हैं, लेकिन किसानों को वाहन से कुचलने वाला एक केंद्रीय मंत्री का बेटा खुला घूम रहा है। वह केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को लखीमपुर खीरी मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिलने पर टिप्पणी कर रही थीं।
महबूबा ने ट्वीट किया कि उमर खालिद, फ हाद शाह, वहीद पारा और सिद्दीकी कप्पन झूठे आरोपों को लेकर जेल में हैं, लेकिन एक मंत्री का बेटा किसानों को कथित तौर पर कुचलने के बाद खुला घूम रहा है। गोडसे के भारत में अपराधी खुला घूम रहे हैं और सच बोलने वाले लोग जेल में हैं। ज्ञात हो कि पिछले साल तीन अक्तूबर को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की लखीमपुर खीरी की यात्रा के विरोध में किसानों के प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में इलाके में आठ लोग मारे गये थे। आशीष मिश्रा भी घटना के आरोपियों में शामिल है। उन पर किसानों को कुचलने का आरोप है।