श्रीनगर। केंद्रीय राज्य सड़क परिवहन व राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल डॉ. वीके सिंह ने अनंतनाग में अपने दौरे के अंतिम दिन बिजबिहाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के श्रीनगर-काजीगुंड खंड पर आपात लैंडिंग परियोजना का निरीक्षण किया। एनएचएआई के अधिकारियों ने मंत्री को परियोजना पर काम की प्रगति के अलावा इसे समय पर पूरा करने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी दी।
मंत्री ने क्रियान्वयन के दौरान सभी सुरक्षा उपायों और मानक दिशा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन लैंडिंग परियोजना पर काम की गति में तेजी लाने पर जोर दिया। जिला विकास आयुक्त डॉ. पीयूष सिंगला ने मंत्री को बताया कि परियोजना को सुचारू और समयबद्ध सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एनएचएआई अधिकारियों को पूर्ण समर्थन और सहयोग प्रदान कर रहा है।
इससे पहले मंत्री ने डाक बंगला खन्नाबल में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों अर्थात पीआरआई/यूएलबी सदस्यों और अन्य प्रतिनिधिमंडलों के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया और उनके मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास और लोक कल्याण से संबंधित विभिन्न मांगें रखीं, जिस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि उनके मुद्दों और मांगों का निवारण किया जाएगा।