पुलवामा। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार को दोपहर बाद एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए ग्रेनेड हमले में चार नागरिक घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस ने बताया कि पुलवामा चौक पर खड़े वाहन को निशाना बनाकर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। इस दौरान निशाना चूक जाने से ग्रेनेड सड़क पर गिरकर फट गया। इससे वहां से गुजर रहे चार नागरिक घायल हो गए। इन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के तत्काल बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। आस-पास के लोगों से पूछताछ करने के बाद पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।हाल के दिनों में घाटी में ग्रेनेड हमले बढ़े हैं। पिछले सप्ताह श्रीनगर के छानपोरा इलाके में हुए हमले में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए थे।
एक दिन पहले हाईवे पर मिले थे 6 ग्रेनेड
श्रीनगर के पारिमपोरा-पंथाचौक के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को छह ग्रेनेड बरामद किए गए थे।