श्रीनगर। गांदरबल में पुलिस ने सोनमर्ग में ट्रेकिंग के लिए पहुंचे युवाओं के एक समूह को बचाया। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मिरगुंड बडगाम के अब्बास अली, यावर हुसैन और सैयद कमर ने सोनमर्ग में फिश पॉइंट के पास एक चोटी पर ट्रेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ दूर चलने के बाद तीनों एक खड़ी चट्टान पर पहुंचे जहां पर वह फंस गए। खड़ी ढलान होने के चलते वह नीचे उतर नहीं पाए।
पुलिस स्टेशन को उनके एसओएस कॉल मिले और उन्होंने तुरंत अपनी बचाव टीमों को कार्रवाई में लगा दिया। बचाव दल में शामिल एसएचओ सोनमर्ग ने एसएसपी गांदरबल सुहैल मुनव्वर मीर और एसडीपीओ कंगन यासिर कादरी की देखरेख में तेजी से कार्रवाई की। गांदरबल पुलिस ट्रेकर्स से अनुरोध कर रही है कि वे अनिश्चित मार्गों पर और पेशेवर ट्रेकर्स की सहायता के बिना अभियान की योजना न बनाएं।