राजोरी। जिले की थन्नामंडी और मंजाकोट तहसील की सीमा पर स्थित डोरी माल इलाके के घने जंगल में छिपे आतंकियों की तलाश में सेना व पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सेना के पैरा कमांडो के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की विशेष टीमें डोरी माल के जंगल इलाके के चप्पे-चप्पे को खंगाल रही हैं, लेकिन फिलहाल उनका आतंकियों से दोबारा सामना नहीं हो पाया है।
घने जंगलों और ऊं ची घास में छुपे आतंकियों की तलाश के लिए सेना ड्रोन का भी प्रयोग कर रही है, ताकि जितनी जल्दी हो सके दहशतगर्दों को तलाश कर उन्हें ढेर कर दिया जाए। रविवार को पुख्ता सूचना के आधार पर सेना व पुलिस ने उक्त इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, जिस दौरान एक अज्ञात आतंकी को ढेर कर दिया था। आतंकी के कब्जे से 1 एके-47 बंदूक, 32 एके राउंड, 1 हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुआ था, जबकि इस ऑपरेशन में सेना का एक जवान भी मामूली रूप से घायल हुआ था।
सैन्य सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के जंगलों और इंसान से भी ऊंची घास में अभी भी 3 से 4 आतंकियों के छुपे होने की आशंका है, जिसको लेकर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। सुरक्षा बलों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि वे कहीं पर किसी तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि को देखते है या किसी अनजान व्यक्ति को देखते है तो तत्काल पुलिस और सेना को सूचित करें।