राजोरी। चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम वीरवार को आते ही भाजपा की जीत पर शहर व जिले के क्षेत्रों में जश्न का माहौल रहा। भाजपा की जिला इकाई नगाड़ों की थाप पर जमकर नाची। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। घरों से निकल कर बाजार में पहुंची और एक दूसरे को जीत पर बधाई दीं। तहसील परिसर के सामने भाजपा ने जश्न शुरू किया। जिला अध्यक्ष राजिंदर गुप्ता की अगुवाई में बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे। वहीं भाजपाइयों ने हलवा और लड्डू बांटा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला महासचिव रंजीत तारा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुरादपुर में जश्न मनाया। उधर शहर के जवाहर नगर इलाके में भी कार्यकर्ता जमकर नाचे। जवाहर नगर के मंदिर में विशेष पूजा की गई। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं नगरपालिका के वाइस चेयरमैन भारत भूषण वैद ने यूपी में योगी की महाविजय को विकास की जीत करार देते हुए कहा कि मोदी के सबके साथ ने और सबके विकास के नारे ने फिर से योगी को जीत का ताज पहनाया है।