राजोरी। जिले में रविवार को शुरू हुए पल्स पोलियो अभियान के तहत दूसरे दिन सोमवार को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। बतादें रविवार को 94,835 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई थी, जबकि जिले में 0 से 5 साल के 109705 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य है। वहीं 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और पहले दिन रहे गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए सोमवार को घर-घर जाकर अभियान चलाया गया।
सीएमओ डा. शमीम भट्टी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में जाकर घर व स्कूल में बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई। सीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को दूसरे दिन अभियान के दौरान जिले में 12094 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई है। सीएमओ ने बताया यदि कोई बच्चा खुराक से वंचित रह जाता तो उसे अगले दिन पिलाई जाएगी।
नौशेरा में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई
नौशेरा। नौशेरा व आसपास के इलाकों में सोमवार को पांच साल से कम आयु के बच्चो को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जगह-जगह पोलियो बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सुबह से लेकर शाम चार बजे तक अभियान चला। ब्लाक मेडिकल अधिकारी के मुताबिक तीन दिनों तक ये अभियान चलेगा। संवाद