राजोेरी। उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने जिले में बारावफात की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए रविवार को बैठक की। इसमें विभागों के अधिकारियों, धार्मिक नेताओं और व्यापारी संघ के सदस्य शामिल हुए। उपायुक्त ने कहा कि कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए लोगों को उचित व्यवहार का अक्षरश: पालन करने की जरूरत है।
उन्होंने पीडीडी और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यपालक अभियंता जल शक्ति विभाग को जामिया मस्जिद में पानी का टैंकर लगाने का निर्देश दिया गया।
इसी तरह के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को जामिया मस्जिद में एंबुलेंस के साथ स्वास्थ्य देखभाल की सुविधा प्रदान करने के लिए भी जारी किए गए, जबकि अग्निशमन और आपातकालीन विभाग को कार्यक्रम स्थल पर दमकल गाड़ियों को तैनात करने के लिए कहा गया। कार्यपालक अधिकारी नगर परिषद को खासकर मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई के सभी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान और टीकाकरण के बारे में जागरूकता फैलाने में धर्मगुरुओं के प्रयास की भी सराहना की।
बैठक में सहायक आयुक्त राजस्व ताहिर मुस्तफा मलिक, एडी खाद्य सुरक्षा अजीत सिंह, एक्सईएन पीएचई मुश्ताक अहमद, मौलाना मोलवी फारूक, व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता और अन्य धर्मगुरु विशेष रूप से मौजूद रहे।