सुंदरबनी। सुंदरबनी अस्पताल जो स्वास्थ्य विभाग में अच्छी सुविधाएं देने के लिए जिले में हमेशा आगे रहा है। अब एक बार फिर से उपजिला को 15 वर्ष की आयु से ऊपर शत प्रतिशत कोविड वैक्सीन का लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा करने के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड बनाने का भी शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उपजिला प्रशासन की तरफ से सम्मानित किया गया।
उपजिला अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में एडीसी विनोध कुमार बहनाल की तरफ से बीएमओ डॉ. मंजूर हुसैन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए एडीसी ने कहा कि सुंदरबनी में कोविड के दौरान सभी विभागों खासकर स्वास्थ्य तथा शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के आपसी तालमेल के कारण लोगों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा देने तथा कोविड वैक्सीन करने में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके लिए बीएमओ को प्रशस्ति पत्र दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग भी मिलकर बेहतर काम करते रहेंगे, जिससे सुंदरबनी का नाम रोशन होता रहे।