राजोरी। राजोेरी जिले के बुद्धल थानाक्षेत्र के केवल गांव में चार बच्चों का पिता 34 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। युवक की पहचान मंजूर हुसैन पुत्र शायर मोहम्मद पोेसवाल निवासी केवल कुंडा बागला के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार मंजूर हुसैन का शव शाम को उसके घर से करीब एक किमी दूर एक पेड़ से लटका मिला है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाने में दी। घटना की सूचना पर बुद्धल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बुद्धल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। बुद्धल पुलिस ने संदिग्ध हालात में मौत का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।