नौशेरा। आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में रेड रिबन क्लब, जीडीसी ने शहीद दिवस मनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का आयोजन करने का उद्देश्य महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद करना और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों के 251 छात्र शामिल हुए। इनमें प्रदेश के बाहर के संस्थानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें डीएवीवी इंदौर विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, एसएमवीडीयू, कटड़ा, बिलावर, कठुआ, पौनी, नौशेरा, सुंदरबनी, मागम के छात्र शामिल हुए। इनमें से 21 छात्र प्रथम स्थान के लिए योग्य पाए गए। 44 दूसरे और 52 तीसरे स्थान पर रहे। टॉपर्स को प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य डॉ. सुरिंदर कुमार के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में प्रो. पूजा देवी, नोडल अधिकारी रेड रिबन क्लब द्वारा किया गया।