राजोरी। नगर क्षेत्र में स्थित फायर स्टेशन पर असिस्टेंट डायरेक्टर फायर एंड इमरजेंसी सर्विस व अन्य फायर कर्मियों की ओर से अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही अफसरों ने आगामी दिनों में लोगों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
वीरवार सुबह फायर स्टेशन में स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान असिस्टेंट डायरेक्टर अमित शिवगौतराज, असिस्टेंट डायरेक्टर मकबूल हुसैन, फायर स्टेशन प्रभारी राजोरी व अन्य कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एडी ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह में एक जलपोत में आग लग गई थी। जलपोत पर अधिक मात्रा में विस्फोटक, अन्य ज्वलनशील पदार्थ, रूई व करोड़ों रुपये का सोना लदा था। जलपोत पर आग बुझाने के दौरान मुंबई अग्निशमन सेवा के 66 अग्निशमन कर्मियों को अपनी जान गवांनी पड़ी थी। अग्निशमन विभाग इन शहीदों की स्मृति में भारत सरकार द्वारा 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाता है। इसी क्रम में 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जाता है। जिसमें नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से आग से बचाव आदि विषय की जानकारी दी जाती है।