क्षेत्र के कालाकोट से लौटते वक्त सिलहाड में दोपहर एक बजे करीब एक मेटाडोर खाई में गिर गई। मेटाडोर खाई में गिरने से सवार दो बच्चों की मौत हो गई, अन्य 18 यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाकोट से मोगला लौट रही मेटाडोर की ब्रेक अचानक सिलहाड इलाके के पास फेल हो गई। ड्राइवर के बस पर से नियंत्रण खोने की वजह से बस चालीस फुट नीचे खाई में जा गिरी। बस में सवार एक महिला अपने दो बच्चों अर्जुन कुमार (8), प्रीति देवी (10) पुत्र राकेश कुमार, निवासी मोगला को इलाज के लिए कालाकोट लेकर आई थी।
इसी दौरान कालाकोट से लौटते वक्त बस के खाई में गिरने से दोनों बच्चों की मौत हो गई। बस में सवार कुल 18 यात्रियों में से कुछ सुंदरबनी और आसपास के इलाकों के रहने वाले थे। कुछ घायलों को सुंदरबनी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सुंदरबनी में भर्ती मरीजों में धर्मेंद्र कुमार, लता देवी पति-पत्नी, अमित कुमार निवासी बिहार, किरण देवी निवासी मेस्का, सुंदरी देवी निवासी मोगला के रहने वाले थे। खबर लिखे जाने तक पांच से छह लोगों को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।