सुंदरबनी। नगर की वार्ड-13 में श्मशान घाट जाने वाले सड़क मार्ग को खोलने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड-13 में एक महिला की मौत होने के बाद सुबह उसके रिश्तेदार श्मशान घाट पर संस्कार के लिए विवादित मार्ग से ट्रैक्टर ट्राली ले लकड़ियां लेकर जा रहे थे। इस बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मार्ग से ट्रैक्टर ट्राली ले जाने का विरोध किया। इस विरोध पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मामला इतना बढ़ गया कि एक दूसरे पर लाठी तथा पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें दोनों पक्ष का एक-एक व्यक्ति घायल हो गया, जिन्हें जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उनकी पहचान तिलक राज निवासी खंदा भजवाल तथा सुरेश कुमार पुत्र मनसा राम के रूप में हुई है। विवाद की जानकारी मिलने पंचायत अपर भजवाल-बी के सरपंच सतपाल तथा बीडीसी अध्यक्ष अरुण शर्मा भी बीच बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच हो रहे संघर्ष के बीच उन्हें भी मामूली चोटें आईं। इसके बाद दोनों पक्षों में हो रहे संघर्ष की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी एसडी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मनसा राम पुत्र चत्रु राम तथा उसके तीन बेटों को हिरासत में लेकर संघर्ष को समाप्त कराया तथा मामला दर्ज कर मार्ग बंद करने के कारणों की जांच शुरू कर दी।
मनसा राम के एक बेटे सुरेश कुमार को गंभीर चोटें लगने के कारण पुलिस ने उसे भी उपजिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।