राजोरी जिले से 11 दिसंबर को अपहृत नाबालिग लड़की को पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा, जम्मू से बरामद की। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी जुगल मन्हास ने बताया कि 11 दिसंबर को एक व्यक्ति ने कालाकोट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पोती अपने मामा के घर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
शिकायत के बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया था। इसके अलावा पुलिस अपहरण के एंगल से भी छानबीन करने लगी। एसएचओ कालाकोट संजय रैना की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने एसडीपीओ नौशेरा बृजेश शर्मा और एएसपी नौशेरा गिरधारी लाल शर्मा की देखरेख में जांच के दौरान पाया कि एक स्थानीय व्यक्ति तारिक ने उक्त लड़की को अगवा कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने निगरानी सेल द्वारा प्रदान की गई सहायता से अपहृत लड़की को बाड़ी ब्राह्मणा, जम्मू से बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी तारिक हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जांच जारी है।