राजोरी। बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय (बीजीएसबीयू) में स्मार्ट शिक्षण की दिशा में चल रही एक सप्ताह की कार्यशाला सोमवार को संपन्न हुई। कार्यशाला का आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) द्वारा सेंटर फॉर हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म, बीजीएसबीयू के सहयोग से किया गया। कार्यशाला में देश भर के विभिन्न संस्थानों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
उप कुलपति प्रोफेसर अकबर मसूद ने कार्यशाला के सफल समापन पर आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई शिक्षण विधियों पर अपडेट रहने के लिए निरंतर व्यावसायिक विकास एक महत्वपूर्ण पहलू है। आशा व्यक्त की कि कार्यशाला मॉड्यूल ने शिक्षकों को उनकी तकनीकी चुनौतियों को दूर करने के लिए सक्षम और सुसज्जित किया होगा। लेखक और प्रशिक्षक एमके नसीरली कार्यशाला के दौरान संसाधन व्यक्ति थे। उन्होंने ई-सामग्री विकास और संपादन सहित विभिन्न विषयों पर इंटरैक्टिव व्याख्यान दिया। शिक्षा प्रबंधन प्रणाली, ऑनलाइन संचार, आकर्षक प्रस्तुति, टीम वर्क बढ़ाना, डिजिटल असेसमेंट और वर्चुअल क्लासरूम को लेकर जागरूक किया।
डॉ. विनय कुमार, समन्वयक आईक्यूएसी ने कार्यशाला की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यशाला के संयोजक डॉ. जाविद इकबाल ने बैठक सत्र की कार्यवाही का संचालन किया।