नौशेरा। एसएसपी शीमा नबी ने बताया कि पुलिस ने चोरी के नौ मामलों में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़े पैमाने पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि जो लोग किराएदार रखें वह उनका पुलिस में वेरीफिकेशन जरूर कराएं। अपने घर में सीसीटीवी जरूर लगाएं।
एसएसपी ने सोमवार को नौशेरा में प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में चोरी होने की वारदात की सूचनाएं अधिक मिल रही थीं। इस आधार पुलिस की टीमों का गठन किया गया और लोगों की तरफ से दर्ज कराई गई चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर दबिश दी गई, जिसमें इन चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कई दूसरे प्रदेश के भी चोर शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आफ्तार हुसैन निवासी दंती तहसील कालाकोट, राजोरी, जफर हुसैन निवासी कराध तहसील कोटरंका, राजोरी, अमजद महमूद निवासी लाह तहसील थन्नामंडी, बिशारत हुसैन निवासी कोटरंका, परवीन कुमार, पवन कुमार और रवि कुमार निवासी बिहार शामिल हैं।
इनके कब्जे से मोबाइल, मोटरसाइकिल, एलईडी टीवी, इन्वर्टर, बैटरी, गैस स्टोव, लंच बॉक्स, लोहा, हेयर स्ट्रेटनर, सौंदर्य ब्रश सेट, फैशन रंग मेकअप, दीवार घड़ी, डिजिटल सैटेलाइट बॉक्स, डीटीएच बॉक्स, विस्तार (एशिया पावर), एचपी गैस सिलिंडर, सिलाई मशीन, तार, एलईडी बल्ब, दरवाजे की घंटी, चार्जर आदि सामान बरामद हुआ है।
प्रेसवार्ता में एएसपी अमित वर्मा, एसडीपीओ जाकिर शाहीन मिर्जा, थाना प्रभारी पंकज शर्मा मौजूद रहे।