राजोरी। थन्नामंडी तहसील के अजमताबाद गांव में रविवार की सुबह करीब 3:00 बजे उस समय खलबली सी मच गई जब स्वास्थ्य कर्मचारी के तीन मंजिला मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जानकारी के अनुसार उक्त निवासी स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात शब्बीर हुसैन और उसके भाई तस्वीर हुसैन का साझा घर है। जहां तड़के 3 बजे आग लग गई।
परिवार के सदस्यों ने जब घर से धुआं निकलते देखा तो चीख पुकार मच गई। इस पर आसपास के लोग भी जमा हो गए। तत्काल पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस और सेना ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कई घंटे की मशक्कत के बाद सेना व पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
डीडीसी सदस्य अब्दुल कयूम मीर ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए नाराजगी भी जताई और बताया कि यदि थन्नामंडी में दमकल विभाग की सुविधा उपलब्ध होती तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था। दो परिवार इस समय रोड पर न आए होते। डीडीसी सदस्य ने उपराज्यपाल और जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि तत्काल थन्नामंडी मे दमकल स्टेशन स्थापित किया जाए और जिस परिवार के घर में आग लगी थी उनको तत्काल राहत प्रदान की जाए। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर कारणों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। प्राथमिक जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।