पुंछ। आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर गजनबी फोर्स के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो पिस्टल, चार मैगजीन, 100 कारतूस और चार हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान जहांगीर अली निवासी कीरनी, बशारत खान निवासी सुरनकोट और शैराज निवासी गांव सांगला तहसील सुरनकोट के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
मंगलवार शाम को जिले में भारत-पाकिस्तान रेखा पर स्थित कीरनी क्षेत्र में सेना और पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इस बीच कीरनी निवासी जहांगीर अली को पकड़ा गया। उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर हथियार मिले। जहांगीर अली से पूछताछ के बाद बशारत खान और शैराज को गिरफ्तार किया गया।
आतंकियों के नाम पर धनउगाही करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
बांदीपोरा। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों के नाम पर लोगों को डरा धमकाकर धन उगाही करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को शिकायत मिली थी कि कुछ लोग शहर में शाम के वक्त चाकू लेकर घूमते हैं और आतंकियों के नाम पर धन उगाही कर रहे हैं। जांच के दौरान पुलिस को बांदीपोरा निवासी एजाज अहमद शेख पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसके पास से चाकू बरामद कर लिया गया है। संवाद