पुंछ। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों की आतंक के खिलाफ जारी कार्यवाही में बड़ी संख्या में आतंकियों को मार गिराया गया है। इसी बीच पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के खडे़ किए नए आतंकी संगठन जम्मू कश्मीर गजनबी फोर्स ने पुंछ में तेजी से पैर पसारना शुरू कर दिए हैं।
पुंछ में सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को इस संगठन के तीन सदस्यों को दबोचा गया है। संगठन की अगर बीते एक वर्ष की गतिविधियों पर नजर डालें तो जिले में सुरक्षा बलों ने करीब 10 आतंकियों को धर दबोचा है। जबकि, इस संगठन के दो आतंकी गत वर्ष 14 दिसंबर को सुरनकोट तहसील के मुगलरोड पर स्थित पोशाना में एक मुठभेड़ में ढेर हो गए थे।
सूत्रों की मानें तो आईएसआई की ओर से जम्मू कश्मीर के स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियोें में शामिल करने के लिए ही इस नए आतंकी संगठन को खड़ा किया था। क्योंकि, लश्कर, हिजबुल मुजाहिदीन और जैश ए मोहम्मद जैसे संगठनों में जम्मू कश्मीर के नए कैडर की भर्ती में कमी आ रही है। साथ ही ये संगठन सुरक्षा बलों एवं खुफिया एजेंसियों की नजर में भी हैं।
पुंछ में गजनबी फोर्स के नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में पैठ बनाने के मामले समाने आ रहे हैं। मंगलवार को जो एक व्यक्ति कीरनी से पकड़ा गया है, वह भी नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्र का रहने वाला है। जबकि, इससे पहले बालाकोट क्षेत्र में पकड़े गए सात लोग भी नियंत्रण रेखा से सटे गांव के रहने वाले थे। हालांकि, जिले में सुरक्षा बलों एवं खुफिया एजेंसियों की चौकसी के चलते अब तक यह आतंकी संगठन किसी भी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाया है।
सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर गजनबी फोर्स नामक इस आतंकी संगठन में स्थानीय युवाओं को शामिल कर आईएसआई पुंछ एवं राजोरी जिलों में अल्प संख्यकों के धार्मिक स्थलों को निशाना बना कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा पाले हुए है। इसका खुलासा जिले में पकड़े गए गजनबी फोर्स के सदस्य पूछताछ में पहले ही कर चुके हैं।