पुंछ। जिले के साथरा ब्लाक में बुधवार को जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग की तरफ से आयोजित कराए जा रहे वाईएसएस कप खेल मुकाबलों का फाइनल खेला गया। इसमें ब्लाक की सभी पंचायतों से क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी और खोखो मुकाबले हुए। इनको देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
खेल मुकाबलों की अध्यक्षता जोन फिजिकल आफिसर कुलवंत सिंह ने की, जबकि सरपंच फजल हुसैन कुरैशी मुख्य अतिथि रहे। सबसे पहले क्रिकेट का फाइनल पंचायत चकतरो और पंचायत फतेहपुर की टीम के बीच खेला गया। इसे चकतरो पंचायत ने जीत लिया। अन्य मुकाबलों का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग विशेष तौर पर जेडपीईओ कुलवंत सिंह के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कड़े प्रयास कर साथरा ब्लाक के सैकड़ों खिलाड़ियों को इन खेलों में भाग लेने के लिए एकत्र किया है, जिससे कोरोना महामारी के कारण घरों में बंद बच्चों को खुले मैदान में अपनी खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन करने का मौका मिला है।
क्रिकेट में साथरा ब्लाक की 6 टीमों के करीब 96 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षकों मंजीत सिंह, जसवीर कौर, अशोक कुमार, इमरान शाह, खुरशीद, आदिल, हीना, जमील, जुल्फकार, शाजिया, यासमीन जतींदर पाल, सज्जाद अहमद और मकसूद अहमद ने विभिन्न खेल मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका अदा की।