पुंछ में पार्टी के पूर्व एमएलसी यशपाल शर्मा के परिवार के प्रति शोक प्रकट करतीं महबूबा मुफ्ती।
- फोटो : POONCH
पुंछ। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती शनिवार को पुंछ दौरे पर पहुंची। कुछ क्षण रुकने के बाद वह नगर के मोहल्ला पुरानी पुंछ स्थित पीडीपी के पूर्व एमएलसी एवं जननेता शेरे पुंछ स्वर्गीय यशपाल शर्मा के घर पहुंचीं। उन्होंने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के साथ सहानुभूति प्रकट करते हुए सांत्वना दी।
महबूबा मुफ्ती ने स्व. यशपाल शर्मा की पत्नी प्रवीन कुमार और घर की महिलाओं से मुलाकात की। साथ ही यशपाल शर्मा के छोटे भाई एवं पुंछ नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, पुत्रों कीर्तिपाल और डॉक्टर उदयपाल से मुलाकात करते हुए उनके समक्ष शोक प्रकट करते हुए आग्रह किया कि वह अपने आपको इस दुख से बाहर निकाल कर जनसेवा में लगें। क्योंकि पुंछ के गरीब एवं बेसहारा लोगों की निगाहें इसी घर के ऊपर हैं। जो काम यशपाल शर्मा ने लोगों के लिए किए, आप उन्हें आगे बढ़ाएं।
यशपाल शर्मा को याद करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मेेरे पिता के पुराने एवं सच्चे साथियों में यशपाल शर्मा का पहला स्थान है। जिन्होंने कभी मेरे पिता मुफ्ती साहब का साथ नहीं छोड़ा। शर्मा साहब ने हर किसी की सहायता की है। लोग इसीलिए उन्हें शेरे पुंछ कहते थे, क्योंकि वह लोगों के हक के लिए अकेले ही मैदान में खड़े हो जाते थे। इस अवसर पर महबूबा मुफ्ती के साथ बड़ी संख्या में पीडीपी के जिले के नेता भी उपस्थित रहे। यशपाल शर्मा के परिवार से मुलाकात एवं शोक प्रकट करने के बाद महबूबा मुफ्ती पार्टी के सचिव एवं बीडीसी अध्यक्ष मंडी शमीम गनेई की बहन जिनका पिछले सप्ताह दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ था। उनके घर पहुंचीं और शोक संतृप्त परिवार से मुलाकात कर शोक प्रकट कर सांत्वना दी।
मीडिया की तरफ से महबूबा मुफ्ती से बात करने का प्रयास किए जाने पर उन्होंने यह कह कहा कि मैं यहां शोक प्रकट करने आई हूं, इंटरव्यू नहीं दूंगी।