पुंछ। मेंढर के गांव सखी मैदान में 16 दिन पूर्व भूमि विवाद में घायल हुई एक वृद्धा की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान बागो बेगम (85) के रूप में हुई है। वृद्धा की मौत से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, और पुलिस ने बड़ी संख्या में जवानों को क्षेत्र में तैनात कर दिया। वृद्धा की मौत के आरोप में मेंढर पुलिस ने पूर्व सरपंच सहित 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
4 मार्च को मेंढर के गांव सखी मैदान में स्थित जियारत छोटे शाह के करीब निवासी पूर्व सरपंच मोहम्मद शफी और शाह मोहम्मद के परिवारों के बीच जारी भूमि विवाद में दोनों तरफ से जमकर लाठियां चली थीं। इस दौरान वृद्धा बागो बेगम सहित 7 लोग घायल हो गए थे। इसके बाद तहसीलदार और एसएचओ ने मौके पर पहुंच कर घायलों को उठा कर उपजिला अस्पताल पहुंचाया था। दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था। रविवार देर शाम को अस्पताल में भर्ती बागो बेगम की मौत हो गई। इसके बाद एक बार फिर मामला गर्मा गया है। इसके साथ ही पुलिस ने पूर्व सरपंच मोहम्मद शफी सहित 8 लोगों गिरफ्तार कर लिया है।