पुंछ। सरहदी इलाकों में सेना अब युवाओं को अग्निपथ योजना पर जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में सेना की मेंढर गनर्स की ओर से शनिवार को आयोजित एलओसी से सटे पुंछ जिले के मेंढर में सेमिनार के दौरान युवाओं ने अग्निपथ योजना की मुकम्मल जानकारी ली। यह जाना कि इस अग्निपथ से वे कैसे अग्निवीर बन सकते हैं। सेमिनार में शामिल 30 युवाओं ने सवालों के जवाब मिलने पर कहा - वे अग्निवीर बनना चाहेंगे।
इस योजना में 17.5 से 23 आयु वर्ग के युवाओं को सेना, वायु सेना और नौसेना में चार वर्ष के अनुबंध पर भर्ती किया जाना है। भर्ती योजना को लांच करने पर भारी विरोध हुआ था। हालांकि इसके लिए अधिसूचना जारी हो गई है।
मेंढर गनर्स के वरिष्ठ अधिकारी ने सेमिनार में युवाओं को योग्यता, वित्तीय लाभ, शर्तें और चार साल के सेवाकाल के बाद अन्य क्षेत्रों की नौकरी में आयुसीमा छूट व आरक्षण के प्रावधान की जानकारी दी। युवाओं को बताया गया कि अग्निपथ योजना के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। इस दौरान युवाओं ने सवाल भी पूछे जिनके संतोषजनक जवाब दिए गए। युवाओं ने सेमिनार आयोजन के लिए सेना का आभार भी जताया।