पुंछ। श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्री हमारे मेहमान हैं। यात्रा में शामिल लोगों का हर दिन मंडी में प्रवेश करने पर स्वागत करेंगे। अगर यात्रियों को ठहराने के लिए जगह की जरूरत होगी, तो अपने धार्मिक स्थलों पर उनके लिए व्यवस्था करेंगे। उन्हें कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यह बातें श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंदिर प्रांगण में हुई बैठक के दौरान मंडी के लोगों, राजनीतिक दलों के सदस्यों एवं धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कहीं। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी, सेना, पुलिस, बीएसएफ और मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।
जिला विकास उपायुक्त इंद्रजीत, एसएसपी रोहित और बीडीसी चेयरमैन शमीम अहमद गनेई की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा, मंदिर के आसपास सीसीटीवी लगाने, साफ-सफाई, निशुल्क स्टालों के लिए अस्थायी ढांचे का निर्माण करवाने, कस्बे में लाइट लगाने सहित अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों को यात्रा संबंधित अपने-अपने कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। यात्रा को शांतिपूर्वक आयोजित करने एवं यात्रा से देश में पुंछ की एकता, भाईचारे और आवभगत का संदेश देने पर विचार विमर्श किया गया।