पुंछ जिले की मनकोट तहसील में बिजली गिरने से लगी आग। संवाद
- फोटो : POONCH
पुंछ। मनकोट तहसील में मंगलवार की सुबह बिजली गिरने से एक कच्चा मकान जल कर राख हो गया। इस आग में दो भैंसें भी बुरी तरह से झुलस गई। इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांग की है।
मंगलवार की सुबह करीब छह बजे मनकोट तहसील में जोरदार बारिश हो रही थी। इस दौरान भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव टांईमनकोट निवासी मोहम्मद फेयाज पुत्र मोहम्मद याकूब के मकान पर बिजली आ गिरी। इससे मकान में भयंकर आग लग गई। तेज आंधी चलने से आग बुझाने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पूरा मकान जल कर राख हो गया। पीड़ित परिवार के शरीर पर पहने हुए कपड़ों को छोड़ कर कुछ भी नहीं बचा। आग का पता चलते ही आस-पास से बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंचे और घर के एक हिस्से में बने पशुशाला से झुलस गई भैंसों को बाहर निकाला। लोगों ने सरकार से सहायता राशि देने की मांग की है।