पुंछ। नवरात्र कन्या पूजन के साथ संपन्न हो गए। इस अवसर पर जिले भर के माता मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। सनातन धर्म के अनुयायी प्रत्येक परिवार द्वारा घरों में कन्याओं का पूरी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ पूजन कर उन्हें हलवा, पूरी, फल और दक्षिणा देकर उनसे आशीर्वाद लेने के बाद उन्हें घरों से विदा किया।
बुधवार सुबह से ही नगर में हर तरफ दुर्गा अष्टमी की धूम दिखाई देने लगी थी। लोग पूजन सामग्री के साथ काली माता मंदिर, वैष्णो माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, संतोषी माता मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए जुटने लगे थे, जिसके चलते मंदिरों में भगतों की भीड़ नजर आने लगी थी। इस बीच उजाला होने के साथ ही नगर के अधिकतर घरों में हलावा पूरी बनाने की महक उठने लगी थी। सुबह नौ बजे के बाद लोग कन्याओं को अपने घरों में लाकर उनका पूजन कर रहे थे। इस दौरान कन्याएं एक घर से दूसरे घर में पहुंच रही थी। कन्या पूजन का यह क्रम लगभग दोपहर तक जारी रहा। वहीं आज कन्याएं छोटी बच्चियां काफी खुश दिखाई दे रही थी।