पुंछ। नगर से कुछ दूरी पर गांव मंगनाड़ स्थित बिक्रम मेमोरियल के पास पुलस्त नदी से 17 वर्षीय किशोरी का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। वह एक दिन से घर से लापता थी। थाने में 21 अगस्त को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
नाबालिग बच्ची का शव मिलने पर परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से मामले की बारीकि से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शव को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में लाकर उसका डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले कर धारा 174 में मामला दर्ज कर जांच करने का आश्वासन दिया है। घटना के बारे में मृतका के चाचा का कहना है कि हम लोग मूलरूप से मेंढर के गुरसाई क्षेत्र के निवासी हैं। कई वर्षों से पुंछ में रह रहे हैं। 21 अगस्त को दोपहर बाद करीब तीन बजे मां से पढ़ाई के सिलसिले में किसी सहेली के पास जाने की बात कह कर घर से निकली थी। जब शाम सात बजे तक वह नहीं लौटी तो हमें चिंता होने लगी और हमने अपने जान पहचान के सभी लोगों से उसके बारे में पता करने के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इस दौरान पुलिस ने जब महक का फोन ट्रैकर पर डाला तो वह जम्मू के एक लड़के से कई बार संपर्क में मिला। पुलिस को महक के फोन की लोकेशन भी पुंछ में ही मिली। इसके बाद सुबह हमें पुलिस ने फोन पर बताया कि नदी से एक लड़की का शव मिला है। आप उसकी पहचान के लिए आएं। हमने आकर देखा वह वह हमारी ही बच्ची थी।
इस बीच उस लड़के की बाइक भी पुंछ में ही बरामद हुई। पुलिस ने अभी तक न तो उस लड़के को ही गिरफ्तार किया है और न ही उसके मां बाप को। हमें आशंका है कि हमारी बच्ची की हत्या की गई है। इसलिए हम उपायुक्त और एसएसपी से मांग करते हैं कि हमें इंसाफ दिलाया जाए और उसके हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।