पुंछ। मेंढर में डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने वाहन चालकों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने के खिलाफ चालकों, एआरटीओ और प्रशासन के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को किराए में छूट देने के बजाए उनसे न सिर्फ अधिक किराया वसूला जा रहा है बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने धमकी दी कि अगर दो-तीन दिन में इस मामले को हल नहीं किया गया तो सभी विद्यार्थी सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसके लिए एआरटीओ और मेंढर प्रशासन जिम्मेदार होगा। बुधवार दोपहर को स्टूडेंट यूनियन डिग्री कॉलेज मेंढर के प्रधान मजीद खान की अगुवाई में कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं कॉलेज के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। करीब एक घंटे जारी इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि बार-बार प्रशासन, एआरटीओ और टाटा सूमो यूनियन के पदाधिकारियों से बात कर विद्यार्थियों से अधिक किराया न लेने का आग्रह किए जाने के बाद भी किसी प्रकार का असर नहीं हो रहा है। इसके के कारण हमें प्रदर्शन करना पड़ा है। क्योंकि विद्यार्थियों से आधा किराया लेना तो दूर वाहन चालकों द्वारा पूरे किराए से भी अधिक वसूला जाता है। जब कोई विद्यार्थी इसका विरोध करता है तो उसके साथ बदसलूकी की जाती है। जिसे विद्यार्थी अब सहन नहीं करेंगे। अगर अगले दो तीन दिन में किराए का मामला हल न किया गया तो हम सड़कों पर उतरेंगे और उसके बाद जो माहौल बिगड़ेगा उसकी जिम्मेदारी प्रशासन, एआरटीओ और वाहन चालकों पर होगी।