पुंछ/ मेंढर। मेंढर में शुक्रवार को दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि पिता पुत्र सहित दो लोग घायल हो गए। इनमें पुत्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया।
मेंढर में पहला सड़क हादसा बींबर गली पर स्थित कोंटा में उस समय पेश आया, जब एक मारुति कार नंबर जेके 02 एई 2790 की एक ट्रक से टक्कर हो गई। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार चालक मोहम्मद आरिफ खान और उसका 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ओवैस खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उप जिला अस्पताल मेंढर पहुंचाया गया। जहां पिता को मामूली चोटें आई, परंतु पुत्र को गंभीर चोटें देखते हुए उसे राजोरी भेजा गया। इसके बारे में बीएमओ डॉक्टर परवेज अहमद खान ने बताया कि कार एवं ट्रक की टक्कर में घायल पिता-पुत्र को अस्पताल लाया गया था। जहां पुत्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च उपचार के लिए जीएमसी राजोरी भेज दिया गया है।
दूसरा सड़क हादसा मेंढर मनकोट तहसील के सलानी क्षेत्र में देर शाम करीब पांच बजे उस समय पेश आया, जब मेंढर से पुंछ की तरफ आ रहा एक टिप्पर नंबर जेके 12 बी 1569 चालक के नियंत्रण से बाहर हो करीब छह सौ मीटर खाई में जा गिरा। इस हादसे में सह चालक जावेद अहमद (28) पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी गांव दरादुलियां पुंछ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टिप्पर चालक मोहम्मद अफराज (32) पुत्र मोहम्मद जहांगीर निवासी उछाद मनकोट को लोगों ने गंभीर हालत से खाई से निकाल कर अन्य वाहन से पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल भेजा, परंतु चालक की भी रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद मेंढर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए हादसे में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिए।