पुंछ जिले की मंडी तैहसील में हुए सडक हादसे में घायल पुंछ अस्पताल में और दादसे का शिकर आटो
- फोटो : POONCH
पुंछ। मंडी तहसील में रविवार देर शाम को लगातार दूसरे दिन भी सड़क हादसा पेश आया। इसमें एक लोड कैरियर ऑटो चालक के नियंत्रण से बाहर होकर करीब डेढ़ सौ फुट खाई में जा गिरा। इस हादसे में ऑटो सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें घटना स्थल पर पहुंचे लोगों ने उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल भेजा गया। घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
रविवार देर शाम करीब पांच बजे लोरन की तरफ से मंडी की तरफ आ रहा लोड कैरियर ऑटो नंबर जेके 12 सी 8490 में चालक सहित पांच लोग सवार थे। गांव बराछड़ के चिनार मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर ऑटो खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार दो युवक उससे बाहर जा गिरे, जबकि तीन उसके बीच फंस गए। हादसे का पता चलते ही आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सड़क तक पहुंचाया और वहां से अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान जीशान (14) पुत्र खलील अहमद निवासी गांव बराछड़ लोरन, उमर सदीक (20) पुत्र मोहम्मद सदीक चालक निवासी चकराड़ा, मोहम्मद मुदसिर (18) पुत्र मोहम्मद अयूब निवासी बराछड़ लोरन, तोकीर अहमद (18) पुत्र मोहम्मद यूसुफ निवासी लाअलबेला लोरन और मोहम्मद इलेयास (22) पुत्र मोहम्मद अकरम निवासी बराछड़ लोरन के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार शाम को मंडी के सावजियां क्षेत्र में एक टाटा सूमो हादसे का शिकार होकर नाले में गिरी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी, और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दो दिनों में दो हादसों से मंडी तहसील के लोगों में रोष है।