कठुआ। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय वीरवार को कठुआ दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों और विशेष रूप से किसानों के लिए कई योजनाओं की सौगात दी।
केंद्रीय मंत्री ने जहां घाटी औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों की जानकारी ली, वहीं बरनोटी में जनता दरबार लगातार जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं को भी सुना। इस मौके पर मंत्री ने 15 मक्की के थ्रेशर पंचायत प्रमुखों को भेंट किए। कृषि विभाग की ओर से मैकेनिज्म योजना के तहत कैपेक्स बजट में व्यक्तिगत लाभार्थियों को उपलब्ध कराए पांच ट्रैक्टरों की चाबियां भी उन्होंने किसानों को सौंपी।
बरनोटी में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का मंत्री ने जायजा लिया। वहीं, उन्होंने लाडली बेटी योजना के तहत लाभार्थियों को पास बुक, जिले की 10 किशोरियों को ट्रैक सूट भी भेंट किए। मंत्री ने कठुआ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जखोल तक सड़क निर्माण और पीएचई की दो योजनाओं का भी ई-उद्घाटन किया। मंत्री ने तीन करोड़ चालीस लाख की लागत से कठुआ जिले के लिए ड्रग वेयर हाउस के निर्माण का भी ई-उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक निर्माण विभाग की दो योजनाओं और घाटी औद्योगिक क्षेत्र में सीएफसी के निर्माण का ई-शुभारंभ कराया।
डीसी कठुआ ने कहा कि तीन हजार से ज्यादा कनाल जमीन उद्योग के लिए चिह्नित की जा चुकी है। जिले में तीन सौ से ज्यादा इकाईयां चल रही हैं। कई और नई इकाईयों की भी अनुमति दी जा रही है। वहीं डीडीसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत डीडीसी सदस्य बरनोटी, बीडीसी चेयरमैन बरनोटी ने भी क्षेत्र की जरूरतों और समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।
------
विकास की ब्यार में कठुआ बनेगा उद्योग का ग्रोथ हब
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ दौरे पर वीरवार को आए केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि जिस तरह से कानूनों का सरलीकरण और उद्योग के प्रति लोगों में रुचि जागी है, इससे आने वाले समय में कठुआ उद्योग का ग्रोथ हब बनकर उभरेगा। 2014 से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल के व्यक्तिगत दौरों के साथ इन क्षेत्रों की कठिनाइयों को हल करने का काम शुरू कर दिया था।
उन्होंने कहा कि सरकार जम्मू कश्मीर में लगातार कई योजनाओं से लोगों को लाभान्वित कर रही है। प्रधानमंत्री प्रदेश में विकास को बल देने के लिए समय समय पर मंत्रियों को भेज रहे हैं। इसी क्रम में उनका भी कठुआ आना हुआ है। मंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर न केवल यहां के नागरिकों की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि आने वाले समय में हब भी बनेगा। कठुआ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए कानूनों का सरलीकरण हुआ है, जिससे कठुआ इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर बनकर उभरेगा।
--------
केंद्रीय मंत्री से मिला अभाविप का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान कठुआ पहुंचे केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर जिले में औद्योगिक स्थापना संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
विभाग प्रमुख ईश्वर शरद के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शामिल परिषद के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष पावन विवेक, मयंक भगोत्रा, सक्षम कौशल प्रदीप सिंह ने मंत्री से युवाओं को व्यवसाय देने की मांग रखी। उन्होंने मेक इन इंडिया पहल के तहत उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। साथ ही औद्योगिक व्यवस्था में वांछित आवश्यकताओं के अनुरूप महाविद्यालयों और स्कूल स्तर में कौशल आधारित पाठ्यक्रमों को शामिल करने, प्रदूषण नियंत्रण और स्थानीय निवासियों को उद्योगों में रोजगार देने की मांग की। ताकि, युवाओं की बेरोजगारी को फिर से दूर किया जा सके।
बरनोटी में कृषि विभाग के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाभी सौंपते केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. ?- फोटो : KATHUA