कठुआ। टोल से बचने के लिए गांव महा पाटी के रास्ते गुजरने वाले वाहनों को बंद किए जाने की स्थानीय लोगों ने मांग की है। शुक्रवार को गांव के दर्जनों लोगों ने वाहनों की आवाजाही बंद किए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने उनकी मांग पर गौर नही किया तो वह लोग मार्ग को खुद बंद कर देंगे।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का नेतृत्व कर रही गांव की सरपंच बिंदु बाला ने कहा कि लखनपुर में टोल प्लाजा बनने के बाद से उनके गांव में ट्रैफिक काफी बढ़ गया है। गांव से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहनों के कारण लोगों का यहां जीना हराम हो गया है। लिंक मार्ग से बड़ी संख्या में गुजरने वाले वाहनों के कारण कई लोग उनकी चपेट में आ चुके है। शुक्रवार को भी एक कार के टक्कर मारे जाने से एक बालक घायल हो गया। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके गांव से वाहन गुजर रहे थे, लेकिन पिछले दस दिनों से वाहनों की संख्या में कई गुना इजाफा हो गया है। जिससे पेश आने वाली समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए उन्होंने थाना प्रभारी लखनपुर से मांग की। लेकिन थाना प्रभारी ने इस मामले में कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले तो इस मार्ग से कठुआ के वाहन ही निकलते थे, लेकिन अब देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले वाहन टोल बचाने के लिए उनके गांव के मार्ग का प्रयोग करने लगे है। जिसके कारण यहां रहने वाले लोग असुरक्षित हो गए है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने उनके गांव से निकलने वाले वाहनों को बंद नही करवाया तो वह लोग गांव के मार्ग को आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर देंगे।