बिलावर। फिंतर गांव में पिछले डेढ़ वर्ष से 30 घरों की पेयजल सप्लाई प्रभावित रहने के कारण स्थानीय लोगों का गुस्सा जल शक्ति विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों ने चौक में एकत्रित होकर सड़क को यातायात के लिए अवरुद्ध कर दिया और जल शक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भाजपा के महामंत्री गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में कई ग्रामीणों ने चौक पर जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह वीरवार सुबह 11:00 बजे कई प्रदर्शनकारी चौक पर सड़क के बीचोंबीच प्रदर्शन करने लगे, जिसके चलते सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्ष 2019 में बिलावर फिंतर सड़क के विस्तारीकरण के चलते पाइप लाइन को क्षति पहुंची थी, जिसे आज तक ठीक नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारी लोगों का कहना था कि कई बार इस संबंध में एडीसी बिलावर और जल शक्ति विभाग के एईई को अवगत करवा चुके हैं और क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन को ठीक करने के लिए कह चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। इससे नाराज लोगों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं। सुबह 11:00 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन 12:30 बजे तक जारी रहा। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और नायब तहसीलदार भड्डू आकाश महाजन और थाना प्रभारी बिलावर मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर 2 दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लोग उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर सदीक, वीना मलिक, प्रीति देवी, नीलम शर्मा, चंचल देवी, हर्ष मेहरा, विकास कुमार, ओम प्रकाश, कृष्ण चंद, तालिब हुसैन और अन्य कई ग्रामीण उपस्थित रहे।